
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में आयोजित होने जा रहे “अखिल भारतीय हिंदू शौर्य कवि सम्मेलन” को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। कार्यक्रम के प्रचार के दौरान किए जा रहे एक कथित अनाउंसमेंट पर सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई है।
आरोप है कि प्रचार में यह कहा जा रहा है कि “कार्यक्रम में गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है”, जिसे लेकर कई संगठनों ने इसे सामाजिक सद्भाव के खिलाफ बताते हुए विरोध दर्ज कराया है।

यह आयोजन 31 जनवरी को पुलिस ग्राउंड, बिलासपुर में प्रस्तावित है। ऐसे में कार्यक्रम के लिए पुलिस ग्राउंड उपलब्ध कराए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। विरोध करने वाले संगठनों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार की शर्तों वाला आयोजन उचित नहीं है।

इस पूरे मामले पर पुलिस विभाग की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी आयोजन की अनुमति तय नियमों और शर्तों के तहत दी जाती है। उन्होंने कहा कि यदि आयोजन के दौरान या प्रचार में किसी प्रकार से नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने यह भी कहा कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्यक्रम की अनुमति रद्द भी की जा सकती है। फिलहाल मामले को लेकर शहर में चर्चा तेज है और प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।
