
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तंत्र-मंत्र से समस्या दूर करने का झांसा देकर युवती का शोषण करने वाले एक फर्जी तांत्रिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने न सिर्फ युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, अमलेश्वर निवासी हेमंत अग्रवाल खुद को तांत्रिक बताकर उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान उसने युवती का भरोसा जीता और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस कृत्य का अश्लील वीडियो भी बना लिया, जिसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह पीड़िता पर लगातार दबाव बनाता रहा।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी की वजह से वह गर्भवती हो गई थी, जिसके बाद हेमंत अग्रवाल ने जबरन उसका गर्भपात भी करा दिया। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने उससे दूरी बना ली।

अपहरण कर ले गया दंतेवाड़ा
19 नवंबर 2025 को आरोपी जबरन युवती के घर पहुंचा और उसे अगवा कर अपने साथ दंतेवाड़ा ले गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को भिलाई-3 थाना लाया था, लेकिन वह वहां से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पिछले दो महीनों से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में जुटी दुर्ग पुलिस को सूचना मिली कि वह बलौदाबाजार के जंगलों में एक अन्य तांत्रिक से मिलने गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गीतपुरी जंगल से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और गर्भपात कराने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
