Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधमारपीट के बाद बॉर्डर सील, भारी वाहनों की आवाजाही ठप, वाहन मालिकों...

मारपीट के बाद बॉर्डर सील, भारी वाहनों की आवाजाही ठप, वाहन मालिकों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की…!

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के टपरिया बॉर्डर पर हुई मारपीट की घटना के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए बॉर्डर को सील कर दिया है। यह विवाद ओड़िसा के ट्रांसपोर्टरों और रायगढ़ के वाहन मालिकों के बीच हुआ, जिसमें रायगढ़ के वाहन मालिकों के साथ मारपीट की गई।

घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। इसके बाद रायगढ़ के वाहन मालिकों ने तमनार थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों सहित करीब 140 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। मारपीट की घटना के बाद रायगढ़ और ओड़िसा को जोड़ने वाले टपरिया बॉर्डर को सील कर दिया गया, जिससे दोनों राज्यों के बीच ट्रेलर और डंपर जैसे भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। इसका सीधा असर उद्योगों पर पड़ा है, क्योंकि ओड़िसा से रायगढ़ आने वाला कोयला परिवहन फिलहाल ठप हो गया है।

सोमवार शाम को रायगढ़ के वाहन मालिक पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस पर पुलिस अधीक्षक ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रोजाना चलती थीं 1000 से अधिक गाड़ियां

रायगढ़ ट्रेलर यूनियन के अध्यक्ष आशीष यादव ने बताया कि प्रशासन ने टपरिया बॉर्डर को फिलहाल सील कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज कुछ समय के लिए बॉर्डर खोला जाएगा, ताकि ओड़िसा में फंसी रायगढ़ की गाड़ियां वापस आ सकें और ओड़िसा की गाड़ियां अपने क्षेत्र में लौट सकें। इसके बाद बॉर्डर को फिर से सील कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन 1000 से अधिक भारी वाहन गुजरते थे। जब तक पूरे मामले का समाधान नहीं हो जाता, तब तक बॉर्डर सील ही रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts