
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में विदेशी निवेश और करोड़ों के डिमांड ड्राफ्ट का झांसा देकर एक व्यक्ति से 3 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना चकरभाठा क्षेत्र में सामने आए इस मामले में आरोपी ने व्हाट्सएप, फर्जी ईमेल और बैंकिंग प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

विदेशी निवेश के नाम पर बड़ी डील का लालच देकर ठगी का यह मामला बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया। खुद को ब्रिटेन निवासी डॉक्टर और स्कॉटलैंड की महिला बताकर आरोपी ने प्रार्थी को झांसे में लिया और अलग-अलग बहानों से करोड़ों रुपये ऐंठ लिए।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी को साल 2024 की शुरुआत में एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज मिला। इसमें खुद को “डॉ. लोव्हीत” बताते हुए संपर्क किया गया और बाद में “ग्रेस डेविड” नाम की कथित महिला से जोड़ दिया गया। महिला ने भारत में कैंसर अस्पताल, ब्लाइंड इंस्टिट्यूट, रियल एस्टेट और लॉ कॉलेज में करीब 500 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया और प्रार्थी को पार्टनर बनने का लालच दिया।
इस दौरान डिमांड ड्राफ्ट क्लियरेंस, एंबेसी, आरबीआई, कस्टम और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर लगातार रकम मांगी जाती रही। प्रार्थी ने पहले छोटे-छोटे भुगतान किए, लेकिन बाद में आरोपी नवीन जून के खाते में किस्तों में कुल 3 करोड़ 13 लाख 13 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी नवीन जून (निवासी सोनीपत, हरियाणा) ने फर्जी ईमेल आईडी बनाकर खुद को बैंक और अन्य संस्थाओं का अधिकारी बताया। वह पहले बैंक में डायरेक्ट सेलिंग एजेंट रह चुका है और उसी अनुभव का इस्तेमाल कर इस ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थार और वेन्यू कार, मोबाइल, टैबलेट और लैपटॉप जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
