Homeअपराधहिड़मा गाने पर रील, जंगल में शिकार और फिर पकाकर खा गए...

हिड़मा गाने पर रील, जंगल में शिकार और फिर पकाकर खा गए शेकरू, वन विभाग ने लोकेशन ट्रैक कर दबोचा युवक…

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दुर्लभ वन्यजीव ‘शेकरू’ (भारतीय विशाल गिलहरी) के शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर 9 शेकरू का शिकार किया और फिर इसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाल दिया। यही रील उसके लिए मुसीबत बन गई और वन विभाग की टीम सीधे उसके घर तक पहुंच गई।

 ऐसे खुला मामला

बारसूर थाना क्षेत्र के रहने वाले आरोपी बंशी राम कवासी ने शिकार के बाद ‘हिड़मा’ के वायरल गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। यह वीडियो दंतेवाड़ा वन विभाग तक पहुंचा, जिसके बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

DFO के निर्देश पर रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय और ज्योत्सना पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इंस्टाग्राम आईडी के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई और टीम अबूझमाड़ के अंदरूनी गांव तक पहुंच गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

 11 और लोग शामिल

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि इस शिकार में उसके अलावा 11 अन्य लोग भी शामिल थे। फिलहाल वन विभाग बाकी आरोपियों की तलाश में जुटा हुआ है।

 कैसे किया शिकार

आरोपी ने बताया कि उसने जंगल में पेड़ों और जमीन पर खाने का सामान रखा। जब शेकरू झुंड में खाने पहुंचे, तो गुलेल से हमला कर 9 गिलहरियों को मार गिराया। इसके बाद सभी को घर लाकर आंगन में रील बनाई और फिर पकाकर खा गए।

 बेहद दुर्लभ है ‘शेकरू’

  • यह सामान्य गिलहरी से कहीं बड़ी होती है (लगभग 1 मीटर तक)

  • पेड़ों पर रहने वाली यह प्रजाति जमीन पर बहुत कम आती है

  • 20 फीट तक एक पेड़ से दूसरे पेड़ पर छलांग लगा सकती है

  • इसका रंग बेहद आकर्षक—भूरा, लाल, क्रीम और बैंगनी शेड में होता है

 कहां मिलती है यह प्रजाति

  • मुख्य रूप से महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल के पश्चिमी घाट में

  • छत्तीसगढ़ में इसकी मौजूदगी बेहद दुर्लभ मानी जाती है

  • बस्तर के अबूझमाड़ के घने जंगलों में कभी-कभार ही दिखती है

वन विभाग ने इसे गंभीर वन्यजीव अपराध मानते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया और अब आरोपी कानून के शिकंजे में है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts