Homeअपराधसड़क पर केक काटा, आतिशबाजी की और बनाया रील; नायब तहसीलदार का...

सड़क पर केक काटा, आतिशबाजी की और बनाया रील; नायब तहसीलदार का वीडियो वायरल…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क पर जन्मदिन मनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। मामला अभनपुर के नायब तहसीलदार विपिन पटेल से जुड़ा है। वायरल वीडियो में वह सड़क किनारे गाड़ी रोककर जन्मदिन मनाते नजर आ रहे हैं। केक काटने के बाद आतिशबाजी की गई और बॉलीवुड गाने ‘ओ-ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर इस तरह जन्मदिन मनाने के तरीके को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

गाड़ी की डिक्की में केक, फिर आतिशबाजी

वायरल वीडियो में एक गाड़ी सड़क किनारे खड़ी दिखाई देती है। गाड़ी की डिक्की खुली है, जिसमें केक और ‘हैप्पी बर्थडे’ का टैग नजर आता है। इसके बाद विपिन पटेल केक काटते हैं। कुछ देर बाद मौके पर आतिशबाजी शुरू हो जाती है। वीडियो में एक युवक आतिशबाजी का सेटअप करते हुए भी दिखाई देता है। वीडियो में गाड़ी का नंबर CG-04-NY-1910 भी दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर रील के रूप में अपलोड किया गया था। इसमें सलमान खान की फिल्म के लोकप्रिय गाने ‘ओ-ओ जाने जाना’ का इस्तेमाल किया गया है।

सड़क पर सेलिब्रेशन को लेकर उठे सवाल

सड़क पर वाहन रोककर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने के इस वीडियो के सामने आने के बाद यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सड़क के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि इस दौरान यातायात बाधित हुआ था या संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई की है।

सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन पर हाईकोर्ट का सख्त रुख

छत्तीसगढ़ में सड़क पर जन्मदिन मनाने, वाहन से स्टंट करने और यातायात प्रभावित करने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इन मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भी सख्त रुख अपनाया था। अधिवक्ता विपिन अग्रवाल के मुताबिक, हाईकोर्ट ने ऐसे मामलों का स्वतः संज्ञान लेकर राज्य सरकार और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कार्रवाई के निर्देशों का भी उल्लेख किया गया है। अब अभनपुर के नायब तहसीलदार का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला फिर चर्चा में है। फिलहाल, वायरल वीडियो के संबंध में प्रशासन या पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। मामले में किसी कार्रवाई की पुष्टि भी नहीं हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts