
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस मालिक समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायलों में बस चालक समेत 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

टक्कर इतनी जोरदार कि बस के उड़े परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को यात्री बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में 40 से 50 यात्री सवार थे। दोपहर करीब 2 बजे सेमरमथानी मोड़ के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

15 घायलों को मनेंद्रगढ़ किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 15 लोगों को बेहतर इलाज के लिए मनेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल भेजा गया, जबकि 10 अन्य घायलों का इलाज केल्हारी में जारी है। हादसे में बस चालक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में घायल महिला को डॉक्टरों और नर्सों द्वारा सीपीआर दिए जाने का दृश्य भी सामने आया है। इससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घायल ने बताया हादसे का मंजर
हादसे में घायल तीरथ सिंह के मुताबिक, बस में 40 से 50 लोग सवार थे। बस तेज रफ्तार से जा रही थी और अचानक पेड़ से टकरा गई। उन्होंने बताया, “सबसे पहले मैं उतरा। अचानक आंखों के सामने अंधेरा छा गया।”

आखिर कैसे हुआ हादसा?
फिलहाल बस के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या चालक से नियंत्रण छूटने समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
