
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने एक बड़े ठगी रैकेट का खुलासा करते हुए 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को रियल एस्टेट और शेयर मार्केट का बड़ा निवेशक बताकर कई जिलों के लोगों को झांसे में लिया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार वैष्णव (40 वर्ष), निवासी जवाहर नगर अकलतरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और कोरबा सहित आसपास के जिलों में 10 से 15 लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है।

15 प्रतिशत मुनाफे का लालच
जानकारी के मुताबिक, आरोपी निवेशकों को हर माह 15 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच देता था। भरोसा जीतने के लिए वह इकरारनामा और एचडीएफसी बैंक के चेक भी देता था। इसी झांसे में आकर कई लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी आरोपी को सौंप दी। थाना अकलतरा में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित महेंद्र कुमार कश्यप ने अपनी बेटी की शादी के लिए जमा किए गए 10 लाख रुपये आरोपी को दे दिए थे। बाद में आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया।

कई पीड़ित सामने आए
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपये और हीरा लाल कश्यप से 5 लाख रुपये की ठगी भी की थी। सभी मामलों में आरोपी द्वारा चेक और इकरारनामा दिए गए थे, जो बाद में बेकार साबित हुए।

तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्तारी
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने लगभग 30 करोड़ रुपये की ठगी करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल आरोपी के पास से करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है, जबकि अन्य चल-अचल संपत्तियों की जांच जारी है।
जब्त संपत्ति
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
- वेगनआर कार (CG-11-M-8955) – लगभग 4 लाख रुपये
- दूसरी कार (CG-11-B-5814) – लगभग 8.5 लाख रुपये
- यामाहा मोटरसाइकिल (पुत्र के नाम से पंजीकृत)
जब्त की है।
आगे और खुलासों की उम्मीद
आरोपी के खिलाफ धारा 420 भा.दं.सं. के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
