
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में नशे के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविवार सुबह चिल्फी थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया। पुलिस ने आईशर ट्रक से करीब 1.50 क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपए आंकी गई है। इस मामले में हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से ट्रक में गांजा लोड कर दिल्ली की ओर भेजा जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर चेकिंग प्वाइंट लगाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक (PB-02-EJ-3009) को रोका गया। पुलिस ने जब वाहन की गहन तलाशी ली तो ट्रक के डाला के नीचे बने गुप्त चैंबर से 100 से ज्यादा पैकेट्स में भरा हुआ गांजा मिला। इस दृश्य को देखकर पुलिस भी हैरान रह गई, क्योंकि तस्करों ने इसे बेहद चालाकी से छुपाया था।

फिल्मी स्टाइल में की जा रही इस तस्करी का पर्दाफाश होते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय थे और हर बार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश करते थे।

पिछले आठ महीनों में कबीरधाम पुलिस अब तक करीब सवा करोड़ रुपए से ज्यादा का गांजा जब्त कर चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।

एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने साफ कहा है कि जिले में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि तस्करों को संरक्षण देने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से जहां नशे के अवैध व्यापार पर बड़ी चोट पहुंची है, वहीं पुलिस की सख्त कार्रवाई ने जिले में नशा माफिया के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।
