
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। हीरा ग्रुप की गोदावरी इस्पात फैक्ट्री में शुक्रवार को भीषण हादसा हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के भीतर सिल्ली (लोहे का भारी ढांचा) अचानक गिर जाने से कई मजदूर और अधिकारी उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की हुई है, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 6 मजदूरों की डेथ बॉडी श्री नारायणा अस्पताल पहुंची है, आधा दर्जन से अधिक घायलों को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर मिलते ही फैक्ट्री परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

रायपुर पुलिस इस घटना की पुष्टि की है. रायपुर पुलिस के एसएसपी ने कहा कि यह घटना राजधानी के बाहरी इलाके के सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया में हुई है. हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची. घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल था. मौके पर बचाव अभियान शुरू किया गया
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने का काम लगातार जारी है। एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात हैं।

मुख्यमंत्री ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और घायलों को तुरंत बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।

फिलहाल हादसे के सही कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर भारी सिल्ली गिरने से यह घटना होना बताया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लापरवाही किस स्तर पर हुई।
