
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद जानलेवा साबित हो गया। गुस्से में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद दो छोटे बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, कोकोडी गांव निवासी धनेश्वर और उसकी पत्नी सुखबती नेताम किसी काम से बनियागांव गए थे। गुरुवार रात जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी बल्लारी नाला के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि धनेश्वर ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में सुखबती नेताम की मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी की हत्या के बाद धनेश्वर ने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है, वहीं मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर गांव में चिंता का माहौल है।
