
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां रिंग रोड स्थित महामाया प्रवेश द्वार के पास एक अधेड़ महिला का खून से लथपथ शव मिला। महिला की न सिर्फ गला रेतकर हत्या की गई, बल्कि उसका सिर भी बुरी तरह कुचल दिया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के रिंग रोड किनारे स्थित एक मटन शॉप में सुबह लोगों ने महिला का शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।

प्रारंभिक जांच में महिला के साथ दरिंदगी की आशंका भी जताई जा रही है। जांच के दौरान उसके प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल मिलने से मामला और भी गंभीर हो गया है। पुलिस को शक है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए चेहरे को कुचल दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी राजेश अग्रवाल, एडिशनल एसपी अमोलक सिंह, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में महिला को रात के समय एक व्यक्ति के साथ जाते हुए देखा गया है।

स्थानीय पार्षद सतीष बारी ने बताया कि वार्डवासियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस को खबर दी गई। उन्होंने भी महिला के साथ दरिंदगी की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
