
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित शिवा नगर में पुलिस ने एक संगठित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। हैरानी की बात यह है कि यह रैकेट एक पति-पत्नी मिलकर किराए के मकान में चला रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

मोबाइल स्टेटस से तलाशते थे ग्राहक
जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल यादव ग्राहकों को फंसाने के लिए मोबाइल पर स्टेटस लगाता था। इन स्टेटस में 800 से 2500 रुपए तक के रेट लिखे होते थे। इन्हें देखकर ग्राहक संपर्क करते थे और फिर उन्हें किराए के मकान पर बुलाया जाता था।

पुलिस ने ग्राहक बनाकर किया खुलासा
मंगलवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एसबीआई मेन ब्रांच के सामने अनिल कुमार नंदे के किराए के मकान में अवैध देह व्यापार चल रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
सीएसपी के निर्देशन में एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा गया। संकेत मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर छापा मारा।

मकान के अलग-अलग कमरों से युवतियां बरामद
छापे के दौरान मकान से राहुल यादव, उसकी पत्नी और दो युवतियां मिलीं। तलाशी में आपत्तिजनक सामग्री, दो मोबाइल फोन और दो हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बाहर से लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार करा रहा था।

तीन महीने से किराए के मकान में रह रहा था आरोपी
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से इलाहाबाद (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और करीब तीन महीने से रायगढ़ में किराए के मकान में रह रहा था। मकान में मिली युवतियां स्थानीय बताई जा रही हैं।

दो दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि पीटा एक्ट के तहत यह दो दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले रविवार रात केलो विहार कॉलोनी में भी छापा मारकर सेक्स रैकेट पकड़ा गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) अनिल कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
