
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा महिला ने ससुराल में प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने पति, सास, ससुर और देवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने कहा कि ससुराल के लोग उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिससे तंग आकर उसने अपनी जान देने का फैसला लिया।

यह दिल दहला देने वाली घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के गणपति नगर, चंगोराभाठा की है। मृतिका का नाम मंजूषा गोस्वामी बताया गया है, जिसकी शादी 16 जनवरी 2025 को गणपति नगर निवासी पूर्वेन्दर पूरी गोस्वामी उर्फ आशीष गोस्वामी से हुई थी। शादी को अभी मात्र 10 महीने ही हुए थे। लेकिन 21 अक्टूबर 2025 को मंजूषा ने अपने ससुराल के कमरे में आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक, मंजूषा ने आत्महत्या से पहले करीब 1 मिनट 10 सेकंड का वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने साफ कहा कि,
“मेरा पति आशिष गोस्वामी, देवर अभिषेक गोस्वामी, सास और ससुर सभी मिलकर मुझे प्रताड़ित करते हैं। मेरे पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है। मैं चार बहनों में सबसे बड़ी हूं और मेरे पापा ही घर में कमाने वाले हैं। मैं इन लोगों से बहुत तंग आ चुकी हूं। अब मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।”
वीडियो में मंजूषा ने आगे कहा कि उसका पति कई बार उस पर हाथ उठा चुका था और झूठे आरोप भी लगाता था। सास हमेशा बेटे का ही पक्ष लेती थी और उसे दहेज को लेकर भी प्रताड़ित किया जाता था। उसने कहा कि शादी के बाद से लेकर अब तक उसे एक पल भी चैन से जीने नहीं दिया गया।
“मेरी शादी 16 जनवरी को हुई थी, लेकिन इन 10 महीनों में मैं 10 दिन भी सुख से नहीं रह पाई। इसके लिए पूरी तरह मेरे पति, सास, ससुर और देवर जिम्मेदार हैं,” — वीडियो में मृतका ने यह बयान दिया।
वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद मंजूषा ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पहले उसने अपने हाथ की नस काटी और फिर फांसी के फंदे पर झूल गई। घर के लोगों को जब कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा और मंजूषा को फंदे पर लटका पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही डीडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता ने बेटी के वीडियो को सबूत के रूप में पुलिस को सौंपते हुए पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (Abetment of Suicide) का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मोबाइल और सोशल मीडिया की भी डिजिटल जांच होगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रताड़ना के पीछे की सच्चाई क्या थी।

डीडी नगर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सभी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। यदि वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है, तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला समाज में एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर क्यों शादी के बाद भी महिलाओं को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। मंजूषा का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया है और न्याय की मांग की जा रही है।
