
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पलगी स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में एक 7 वर्षीय छात्र के साथ दिल दहला देने वाली मारपीट का मामला सामने आया है। दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र भागीरथी यादव को उसके ही शिक्षक ने इतनी बुरी तरह पीटा कि बच्चे की आंख से खून बहने लगा और चेहरा बुरी तरह सूज गया।

गिनती में गलती की सजा: आवेश में लगातार थप्पड़
घटना शुक्रवार दोपहर भोजन अवकाश के बाद की है। कक्षा में आए शिक्षक उदय यादव ने छात्र को गिनती सुनाने को कहा। गिनती में गलती होते ही उन्होंने आवेश में आकर उसके चेहरे पर थप्पड़ों की बरसात शुरू कर दी। बच्चा रोता रहा, सिर झुकाता रहा, लेकिन शिक्षक का गुस्सा थमता नहीं दिखा।

परिजनों का आरोप : ‘शिक्षक नशे में था’
पीड़ित छात्र के पिता धनंजय यादव ने बताया कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं और घटना के समय भी वह शराब पीकर आए थे। घर पहुंचते ही बच्चा रोते-रोते पूरी घटना बताने लगा, जिसके बाद परिवार सीधे त्रिकुंडा थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

शिक्षा विभाग और पुलिस एक्शन मोड में
घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा ने कहा कि मीडिया से जानकारी मिलने के तुरंत बाद जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने भी स्पष्ट किया कि मामले में दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कठोर और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उधर त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गांव में आक्रोश, शिक्षक की बर्खास्तगी की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग दोषी शिक्षक को तत्काल बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी और कड़ी कार्रवाई बेहद जरूरी है।
