जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के मशहूर देवरी पिकनिक स्पॉट पर घूमने पहुंचे पांच युवक-युवतियां हसदेव नदी में नहाने उतरे थे। अचानक पानी गहराई में जाने के कारण वे सभी तेज बहाव में फंस गए। देखते ही देखते पांचों डूबने लगे।

स्थानीय ग्रामीणों ने शोर सुनकर नदी की ओर दौड़ लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह दो लोगों की जान बचाई। इनमें अकलतरा निवासी लक्ष्मी शंकर सतनामी और तिफरा पुलिस कॉलोनी की मोनिका सिंह शामिल हैं। हालांकि अन्य तीन साथी अब भी लापता हैं। लापता लोगों की पहचान स्वर्णरखा ठाकुर (सरकंडा जोरापुरा), अंकुर ठाकुर (दयालबंद) और आशीष भोई (अशोकनगर सरकंडा) के रूप में हुई है।

यह हादसा शाम करीब 6 बजे पंतोरा चौकी क्षेत्र में हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद बलौदा तहसीलदार ने घटना की पुष्टि की और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नगर सेना के गोताखोर भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए लगाए गए हैं।

राहत कार्य फिलहाल जारी है, लेकिन अंधेरा होने की वजह से गोताखोरों और बचाव दल को कठिनाई हो रही है। प्रशासन ने कहा है कि रविवार सुबह होते ही बड़ी टीम के साथ फिर से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन भी जमा हो गए हैं, जो अपनों को सुरक्षित बाहर आने की उम्मीद में रातभर डटे रहे।

गौरतलब है कि देवरी पिकनिक स्पॉट हर सप्ताहांत बड़ी संख्या में युवाओं और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र होता है, लेकिन यहां कई बार सुरक्षा इंतजाम न होने की शिकायतें भी उठ चुकी हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
