
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच पर गंभीर आरोप लगे हैं। दुर्ग के एक कारोबारी ने टीम पर चेकिंग के दौरान गाड़ी से दो लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कारोबारी ने दुर्ग एसएसपी से की, जिसके बाद शिकायत प्रतिवेदन रायपुर एसएसपी को भेजा गया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच के आरक्षक प्रशांत शुक्ला को निलंबित किया गया है।

क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, रायपुर क्राइम ब्रांच को 18 अक्टूबर की रात एक संदिग्ध कार की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम पीछा करते हुए कुम्हारी से होते हुए दुर्ग पहुंची, लेकिन संदिग्ध कार पुलिस को चकमा देकर गायब हो गई। टीम उसकी तलाश करते हुए विद्युत नगर, पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में पहुंची।
इसी दौरान स्थानीय कारोबारी मयंक गोस्वामी, जो धमतरी में बुलेट शोरूम संचालित करते हैं, अपने घर लौटे थे। तभी क्राइम ब्रांच की टीम वहां पहुंची और बिना किसी जानकारी के उनकी कार की तलाशी लेने लगी। इस टीम में आरक्षक प्रशांत शुक्ला, धनंजय गोस्वामी, प्रमोद वट्टी, अमित समेत पांच पुलिसकर्मी शामिल थे।
कारोबारी का आरोप है कि चेकिंग के दौरान आरक्षक प्रशांत शुक्ला ने उनकी कार से दो लाख रुपये निकाल लिये। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी कारोबारी ने दुर्ग पुलिस को सौंपा है।

कार्रवाई शुरू
शिकायत मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने पूरा प्रतिवेदन रायपुर एसएसपी को भेजा। मामले में एसएसपी रायपुर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरक्षक प्रशांत शुक्ला को लाइन अटैच (निलंबित) कर दिया है। वहीं अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है। इस घटना के सामने आते ही रायपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
