Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधऐसी औलाद से भगवान बचाए! जायजाद के लिए उतारा बाप और बुआ...

ऐसी औलाद से भगवान बचाए! जायजाद के लिए उतारा बाप और बुआ को मौत के घाट, फिर थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण…

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के इन्दौरी पंचायत में बीती रात ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। जमीन विवाद के चलते एक बेटे ने रिश्तों की सारी मर्यादा तोड़ दी और अपने ही पिता व बुआ की बेरहमी से हत्या कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार , आरोपी रामकुमार काठले का अपने पिता नारायण काठले से पिछले कई महीनों से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद धीरे-धीरे गहराता जा रहा था और आए दिन दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती रहती थी। शुक्रवार देर रात यह विवाद चरम पर पहुंच गया। गुस्से में भरे रामकुमार ने लोहे की सब्बल उठाई और पहले अपने पिता नारायण काठले पर हमला कर दिया। हमले की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची बुआ धरमिन बाई पर भी उसने ताबड़तोड़ वार कर दिए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रामकुमार ने कोई भाग-दौड़ नहीं की बल्कि सीधे पिपरिया थाने पहुंचा। वहां उसने पुलिस अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की खबर मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया। बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं कि एक बेटे ने अपने पिता और बुआ की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना रिश्तों पर कलंक बनकर सामने आई है, जिसने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जमीन-जायदाद जैसे विवाद आखिर किस हद तक इंसान को अंधा कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts