Saturday, February 14, 2026
Homeअन्य खबरेगरीबों की ज़मीन पर नहीं बनेगी विधायक कॉलोनी! नकटी गांववासियों के लिए...

गरीबों की ज़मीन पर नहीं बनेगी विधायक कॉलोनी! नकटी गांववासियों के लिए राहत की पहल, सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, सांसद बृजमोहन बोले – विकास जरूरी, पर गरीबों को बेघर करना नहीं…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में रह रहे गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत की उम्मीद जगी है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तावित विधायक कॉलोनी निर्माण कार्य पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।

सांसद ने पत्र में कहा है कि लगभग 15.4790 हेक्टेयर भूमि पर कॉलोनी बनाने की योजना बनाई गई है, जबकि इस भूमि पर बीते कई वर्षों से 80 से अधिक गरीब परिवार निवासरत हैं। इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मिल चुके हैं और यहां कई शासकीय व सामुदायिक भवन भी बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत एवं ग्रामसभा ने भी विधायक कॉलोनी के विरोध में प्रस्ताव पारित किया है।

इस मुद्दे पर पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल ने भी गांव का दौरा किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर सांसद से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि यह भूमि ग्रामीणों की आजीविका और सम्मान से जुड़ी है। यहां रहने वाले अधिकतर लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें उजाड़कर कॉलोनी निर्माण करना अन्यायपूर्ण होगा।

बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विकास योजनाओं को लागू करते समय मानवीय पक्ष को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि विधायक कॉलोनी का निर्माण केवल उस स्थान पर किया जाए, जहां कोई निवासरत नहीं है या योजना को किसी वैकल्पिक भूमि पर स्थानांतरित किया जाए।

सांसद ने प्रशासन से आग्रह किया है कि ग्रामीणों के आवासीय अधिकारों की रक्षा की जाए और वर्तमान स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए जाएं, ताकि कोई कार्रवाई तब तक न हो जब तक इस मुद्दे पर समुचित समाधान न निकले।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts