बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के कुंदरूबाड़ी चिंगराजपारा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, सागर साहू नामक युवक ने अपनी प्रेमिका प्रियंका देवांगन से ब्रेकअप के बाद बात बंद हो जाने के कारण गुस्से में आकर उसकी जान ले ली।

घटना का कारण बताया जा रहा है कि प्रियंका और सागर के बीच पिछले एक महीने से अनबन चल रही थी, जिसके चलते प्रियंका ने सागर से बातचीत बंद कर दी थी। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे, सागर तैश में आकर प्रियंका के घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। इस विवाद के बाद सागर ने प्रियंका की हत्या कर दी।

पड़ोसियों ने बताया कि घटना के समय प्रियंका घर पर अकेली थी। उन्होंने उसकी चिल्लाने की आवाज सुनी और जब वे दौड़कर पहुंचे, तब आरोपी सागर को घर से निकलते देखा। अंदर जाकर देखा तो प्रियंका बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थी। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।