
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में 8 दिसंबर की सुबह सामने आई सनसनीखेज हत्या ने पूरे जिले की पुलिस को हाई अलर्ट पर ला दिया। करगाड़ीह–पुरई पाउवारा नहर के पास खेल मैदान में एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने थाना उतई को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचे। शव इतनी बुरी तरह जल चुका था कि उसकी पहचान संभव नहीं थी, जिससे मामला और पेचीदा हो गया। पुलिस ने इसे ब्लाइंड मर्डर मानते हुए तत्काल छह विशेष टीमों का गठन किया और ताबड़तोड़ जांच शुरू कर दी।

जैसे–जैसे जांच बढ़ी, खुलने लगे राज
पुलिस टीमों ने दुर्ग और आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों की समीक्षा शुरू की। इसी दौरान सुपेला थाना क्षेत्र से उर्मिला निषाद नाम की महिला की 9 दिसंबर को दर्ज हुई गुमशुदगी रिपोर्ट सामने आई, जिसे विजय बांधे नाम के युवक ने दर्ज कराया था।
सूचक के तौर पर नाम आने पर पुलिस ने विजय बांधे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी गतिविधियाँ और बयान संदिग्ध लगे, जिसके बाद उससे कड़ाई से पूछताछ की गई। दबाव बढ़ने पर वह टूट गया और पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।

पीड़िता और आरोपी के बीच था काम का रिश्ता
पूछताछ में आरोपी विजय बांधे ने बताया कि वह केटरिंग का काम करता है और उर्मिला निषाद पिछले 2–3 साल से उसके साथ काम कर रही थी। काम के दौरान दोनों एक–दूसरे के करीब आए और प्रेम संबंध बन गए।
लेकिन विजय पहले से शादीशुदा था और उसकी पत्नी गर्भवती थी। उर्मिला उस पर शादी का लगातार दबाव बना रही थी, जिससे उसके घरेलू रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। इसके अलावा दोनों के बीच पैसों के लेन–देन को लेकर भी विवाद होते रहते थे। उर्मिला कई बार उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित भी कर देती थी। इन सब से तंग आकर विजय ने उर्मिला से छुटकारा पाने की योजना बनानी शुरू की।

योजनाबद्ध तरीके से की गई हत्या
विजय ने सुपेला हार्डवेयर से धारदार चापर (चापट) खरीदा और मरपोटी पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल लेकर हत्या की तैयारी पूरी की।
7 दिसंबर की शाम वह उर्मिला के घर पहुंचा और उसे यह कहकर साथ ले गया कि उन्हें पाटन में शादी पार्टी के केटरिंग में जाना है। दोनों प्लेटिना बाइक पर उतई की ओर निकल पड़े।
रास्ते में आरोपी ने मोमोज, चाइनीज पकौड़ा पैक कराया और दोनों पुरई के पास सुनसान नहर किनारे मैदान में पहुंचे। वहीं दोनों ने खाना खाया। इसी दौरान फिर विवाद हुआ और विजय ने मौका पाकर चापर से उर्मिला के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। उर्मिला मौके पर गिरकर तड़पने लगी और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।
सबूत मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर शव जलाया
हत्या के बाद विजय ने अपनी जेब में रखी पेट्रोल भरी बोतल को शव पर उड़ेल दिया और आग लगा दी, जिससे ज्यादातर शव जल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह तुरंत अपने गांव करगाड़ीह पहुंच गया, जैसे कुछ हुआ ही न हो।
अगले ही दिन 8 दिसंबर को उसने पुलिस को गुमराह करने के इरादे से सुपेला थाने में उर्मिला की गुमशुदगी दर्ज करा दी। लेकिन पुलिस की बारीक जांच और तकनीकी साक्ष्यों ने उसकी पूरी कहानी खोल दी।
24 घंटे में अंधे कत्ल का पर्दाफाश
एसएसपी विजय अग्रवाल के नेतृत्व में गठित टीमों ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- नाम: विजय बांधे
- उम्र: 24 वर्ष
- निवासी: करगाड़ीह, थाना उतई, जिला दुर्ग
- वर्तमान पता: न्यू कृष्णा नगर
