
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दुर्गा उत्सव के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यदुनंदन नगर के तिफरा क्षेत्र स्थित दुर्गा पंडाल में तैनात एक आरक्षक नशे की हालत में पाए गए। बताया जा रहा है कि यह आरक्षक प्रशांत रावत हैं।
स्थानीय लोगों और पंडाल में मौजूद लोगों ने बताया कि आरक्षक की ड्यूटी के दौरान उनकी यह हालत देख सभी हैरान रह गए। नशे की हालत में होने के कारण आरक्षक अपने कर्तव्यों का पालन ठीक से नहीं कर पा रहे थे।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसे देखकर लोग पुलिस की खाकीवर्दी पर सवाल उठा रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि सुरक्षा के लिए तैनात अधिकारी खुद नशे में कैसे पाए जा सकते हैं।

पुलिस विभाग ने फिलहाल इस मामले में कुछ आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन संभावना है कि जांच शुरू की जाएगी और दोषी आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
