Wednesday, February 11, 2026
Homeछत्तीसगढ़पीसीसी चीफ दीपक बैज का सरकार पर बड़ा हमला, बोले – विपक्ष...

पीसीसी चीफ दीपक बैज का सरकार पर बड़ा हमला, बोले – विपक्ष में रहते बीजेपी शराबबंदी का दावा करती थी, सत्ता में आकर शराब बिक्री बढ़ाने पर काम कर रही है सरकार…

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राजधानी रायपुर में चर्चित न्यूड पार्टी मामले, शराबबंदी, डोंगरगढ़ की घटना और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

न्यूड पार्टी मामले पर हमला

बैज ने कहा कि राजधानी रायपुर में न्यूड पार्टी के मामले में 72 घंटे बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों को पकड़ा गया है, वे दूसरी पार्टी से जुड़े थे।

“सरकार नशा और नग्नता की ब्रांड एंबेसडर बन गई है। बीजेपी की सरकार बनने के बाद इस तरह की पार्टियां हो रही हैं, जिसका पूरा संरक्षण सरकार दे रही है। यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति को मिटाने का काम है।”

शराबबंदी पर सवाल

पीसीसी चीफ ने बीजेपी के रुख पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए बीजेपी शराबबंदी की बात करती थी, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद शराब बिक्री बढ़ाने का काम कर रही है। “काली कमाई के लिए सरकार आंख बंद करके बैठी हुई है।”

डोंगरगढ़ की घटना पर बयान

डोंगरगढ़ में 4 साल की बच्ची से रेप मामले में बैज ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार मामले को दबाने का प्रयास कर रही थी।  “प्रदर्शन और विरोध के बाद एफआईआर दर्ज हुई। बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं, प्रदेश में जंगलराज चल रहा है।”

वोट चोर गद्दी छोड़ आंदोलन

दीपक बैज ने ऐलान किया कि कल से कांग्रेस ‘वोट चोर गद्दी छोड़ आंदोलन’ शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि हस्ताक्षर अभियान से शुरुआत होगी और अगले तीन दिनों में आधा दर्जन से अधिक सभाएं व पदयात्राएं होंगी। सभी बड़े नेता इसमें शामिल होंगे और सरकार को जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा।

बेरोजगारी और भर्ती पर सवाल

सरकार द्वारा रिक्त पदों की भर्ती को मंजूरी दिए जाने पर बैज ने कहा कि यह मोदी गारंटी की असफलता का सबूत है।

“एक लाख नौकरी देने का वादा किया था, अब तक 40 हजार लोगों को मिलना चाहिए था। लेकिन सिर्फ 600 लोगों को नौकरी दी जा रही है। 3500 प्रोफेसर पद खाली हैं। युवाओं को ठगने का काम हो रहा है। मोदी गारंटी फेल हो गई है।”

मंत्री ओपी चौधरी पर पलटवार

मंत्री ओपी चौधरी के बयान पर भी बैज ने कटाक्ष किया। “2028 में ओपी चौधरी नेता बनेंगे या नहीं, इसकी चिंता उन्हें पहले खुद करनी चाहिए।”

एसआई भर्ती मामला

बैज से मिलने पहुंचे बेरोजगार युवाओं ने उम्र सीमा घटाने का विरोध जताया। इस पर बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आयु सीमा 34 वर्ष की थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे घटाकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts