Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधपुलिस ने सूदखोरी गिरोह का किया भंडाफोड़... 50 हजार का कर्ज… 6...

पुलिस ने सूदखोरी गिरोह का किया भंडाफोड़… 50 हजार का कर्ज… 6 लाख की वसूली! महिला और सहयोगी गिरफ्तार…

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम के पुलिस ने अवैध सूदखोरी करने वाली महिला अमीना ताज और उसके सहयोगी राकेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों जरूरतमंदों को मामूली रकम उधार देकर उनसे कई गुना अधिक ब्याज वसूलते थे। एक पीड़ित से तो 50 हजार रुपये का कर्ज देकर करीब 6 लाख रुपये वसूले गए।

ब्लैंक चेक और दस्तावेज जब्त

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के घर और कार्यालय में दबिश देकर उधारी के कागजात, पीड़ितों के हस्ताक्षर वाले ब्लैंक चेक, लेनदेन से जुड़े रजिस्टर और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इससे सूदखोरी का बड़ा नेटवर्क उजागर हो सकता है।

धमकी और ब्लैकमेल का खेल

पीड़ितों के अनुसार अमीना ताज रकम लौटाने के बाद भी ब्लैंक चेक के सहारे धमकाती रही। रकम न देने पर मारपीट, गाली-गलौज और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। वहीं, उसका साथी राकेश साहू घर-घर जाकर जबरन पैसे वसूलता था और लोगों में दहशत फैलाता था। हाल ही में वायरल ऑडियो में अमीना ताज यह कहते सुनी गई कि उसके खिलाफ थाने में आवेदन देने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होगी।

पुलिस की सख्ती

एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में ASP पुष्पेंद्र बघेल, पंकज पटेल और DSP कृष्णा चंद्राकर की देखरेख में थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। दोनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 351(3), 3(5) और ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत केस दर्ज कर न्यायालय में रिमांड पर पेश किया गया।

पुलिस की अपील

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अपराधी की “ऊपर तक पहुंच” या “पुलिस उसका कुछ नहीं कर सकती” जैसी धमकियां बेबुनियाद हैं। हर शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध सूदखोरों से कर्ज न लें और केवल अधिकृत बैंक या सहकारी संस्थाओं से ही ऋण लें।

जिले में अन्य सूदखोरों के खिलाफ भी शिकायतें मिली हैं, जिनकी जांच जारी है। पर्याप्त सबूत मिलने पर उन पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts