
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 9 दिसंबर की रात हुई एक बड़ी चोरी का पुलिस ने बेहद चौकसी और फुर्ती से खुलासा कर दिया। कड़कड़ाती ठंड में भी गश्त पर मुस्तैद जवानों की सतर्कता ने न सिर्फ एक चोरी की वारदात को उजागर किया, बल्कि आरोपी को भागते हुए रंगे हाथ भी पकड़ लिया। पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां देर रात संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस का ध्यान खींचा और देखते ही देखते मामला चोरी से गिरफ्तारी तक पहुंच गया।

चौक पर संदिग्ध हरकत, पुलिस को देखते ही भागा युवक
रात करीब 1 बजे, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला चौक में आरक्षक सोनू पाल और आशीष राठौर पैदल गश्त पर थे। टीआई एसआर साहू ने उन्हें शांति नगर तक फूट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए थे। दोनों जैसे ही शांति नगर की ओर बढ़े, सामने से एक युवक जैकेट पहने उनकी तरफ आता दिखा।जवानों को देखते ही युवक अचानक मुड़ा और तेज़ी से भागने लगा। उसकी हरकतों से दोनों जवानों को अंदेशा हो गया कि कुछ गड़बड़ है।

अंधेरी रात में चोर और पुलिस के बीच दौड़
युवक तेजी से गलियों की तरफ भाग रहा था। दोनों जवान भी दौड़ पड़े। काफी देर तक गली–गली पीछा चला। पैदल दौड़ाने के बाद पास ही पेट्रोलिंग वाहन ने भी पीछा करने में मदद की।आखिरकार जवानों ने आरोपी को धुरीपारा इलाके में घेराबंदी कर पकड़ लिया। भागते समय उसका हांफना और घबराना यह साफ बता रहा था कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आया है।

जैकेट में छिपा रखा था चोरी का माल
पूछताछ में युवक ने अपना नाम संजय ध्रुव (निवासी – सकरी) बताया। तलाशी लेने पर जवानों को उसके जैकेट का वजन असामान्य लगा। जेबें खाली थीं, लेकिन जैकेट भारी लग रहा था। जैसे ही जैकेट की सिलाई जांची गई, उसमें छिपाकर रखा गया सामान बाहर निकला—
- सोने–चांदी के जेवर
- कैश नोट
- सिक्के
सारा सामान मिलाकर करीब 1.25 लाख रुपए की चोरी का माल था।

शिक्षक के सूने घर को बनाया था निशाना
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया। उसने बताया कि वह देवेंद्र नगर में एक सूने मकान से चोरी करके वापस लौट रहा था। जवानों ने उसे मौके पर ले जाकर घर दिखाने को कहा।आरोपी ने जिस मकान को निशाना बनाया था, वह शिक्षक चंद्रभान सिंह ठाकुर का था। मकान बंद होने का लाभ उठाकर वह अंदर घुसा और कीमती सामान चोरी करके भाग निकला था। पुलिस ने शिक्षक से संपर्क कर चोरी किए गए सामान का मिलान कराया, जो पूरी तरह से सही पाया गया।

मुस्तैद जवानों को एसएसपी ने दी शाबाशी
एसएसपी रजनेश सिंह ने ठंड की रात में भी सतर्कता दिखाने वाले दोनों जवानों की सराहना की। उनकी त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ी चोरी का पर्दाफाश हुआ और आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गया। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
