
बिलासपुर। मनरेगा योजना में प्रस्तावित बदलावों के विरोध में बिलासपुर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर के चार अलग-अलग ब्लॉकों में आयोजित किया गया। धरना स्थलों में नेहरू चौक (ब्लॉक-1), गांधी चौक (ब्लॉक-2), सरकंडा महामाया चौक (ब्लॉक-3) और बुधवारी बाजार (ब्लॉक-4) शामिल रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिधांशु मिश्रा ने केंद्र सरकार पर मनरेगा योजना को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले इस योजना में मजदूरी का लगभग 90 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार वहन करती थी, जिसे घटाकर अब 60 प्रतिशत किए जाने की बात कही जा रही है। शेष 40 प्रतिशत भार राज्यों पर डालने से राज्य सरकारों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले ग्राम सभा को कार्य तय करने का अधिकार था, लेकिन अब योजनाओं का निर्णय “दिल्ली में बैठे अधिकारियों” द्वारा किए जाने का प्रावधान किया जा रहा है, जिससे पंचायतों की भूमिका सीमित हो जाएगी।
मिश्रा ने कहा कि मनरेगा पहले मांग आधारित योजना थी, जिसमें काम मांगने पर 15 दिनों के भीतर रोजगार देना अनिवार्य था, लेकिन अब इसे “आपूर्ति आधारित” बनाए जाने की बात कही जा रही है। साथ ही खेती के पीक सीजन के दौरान 60 दिनों का ब्लैकआउट पीरियड लागू करने के प्रस्ताव का भी उन्होंने विरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे गरीबों, दलितों और मजदूरों के हितों के खिलाफ कदम बताया।
कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद
धरना कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
- ब्लॉक 1: संतोष गर्ग (अध्यक्ष), पंकज सिंह, समीर अहमद
- ब्लॉक 2: तजमुल हक (अध्यक्ष), महेश दुबे, शिवली मेराज खान
- ब्लॉक 3: हितेश देवांगन (अध्यक्ष), राकेश शर्मा, शेख निजामुद्दीन
- ब्लॉक 4: साकेश मिश्रा (अध्यक्ष), रामशरण यादव, रविंद्र सिंह
इसके अलावा कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, शैलेश पांडे, सय्यद जफर अली, विजय पांडे, विजय केसरवानी, नरेंद्र बोलर, अनिल टाह, अभय नारायण राय, अरविंद शुक्ला, विनोद साहू, विक्की यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा में प्रस्तावित बदलाव वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
