
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर गुरुवार को छुरा-पिपराही मार्ग पर बने पुल पर देखने को मिला, जहां एक बड़ा हादसा टलते-टलते बच गया।

जानकारी के मुताबिक, दो युवक मोटरसाइकिल को पैदल खींचते हुए पुल पार करने का प्रयास कर रहे थे। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों युवक सावधानी से पुल पर आगे बढ़ रहे थे। जैसे ही वे दूसरी ओर पहुंचने वाले थे, तभी बाइक पकड़े एक युवक का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह मोटरसाइकिल सहित नदी में जा गिरा।
घटना को देख दूसरा युवक घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और साथी को बचाने की पूरी कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने भी आवाज सुनकर मदद पहुंचाई। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया, हालांकि उसकी मोटरसाइकिल पानी के तेज बहाव में बह गई, जिसका अब तक पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते त्रिवेणी संगम और अन्य नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। हालात ये हैं कि संगम का पानी लक्ष्मण झूला और कुळेश्वर महादेव मंदिर चबूतरे तक पहुंच चुका है।

पुल और नदी पर इस तरह का जोखिम भरा प्रयास लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन ने भी नागरिकों से अपील की है कि ऐसे हालात में पुल या जलभराव वाले स्थानों से गुजरने की कोशिश न करें। समय रहते सतर्कता ही हादसों से बचाव का एकमात्र उपाय है।
लगातार बारिश से नदियों का उफान यह साफ बता रहा है कि आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों से ही आवाजाही करने की सलाह दी जा रही है।
