
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि इन मामलों में की गई त्वरित कार्रवाई के जरिए मात्र 48 घंटे के भीतर 1 लाख 11 हजार रुपए से अधिक का चोरी का सामान बरामद कर लिया गया। बरामद सामग्री में तीन मोबाइल फोन, नकदी और एक सोने का मंगलसूत्र सहित अन्य कीमती सामान शामिल है। दोनों मामलों में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है।

पहला मामला: खिड़की से घुसे चोर, सोने का मंगलसूत्र समेत 51,675 रुपए का सामान चोरी
पहला मामला खमतराई निवासी प्रकाश यादव (25) का है। उन्होंने 30 नवंबर को सरकंडा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 10 नवंबर की रात उनके घर की खिड़की खुली रह गई थी, जिसका फायदा उठाकर चोर उनके कमरे में घुस गए। चोरों ने बिस्तर के पास रखे पर्स से 6000 रुपए नकद के साथ एक मोबाइल फोन और सोने का मंगलसूत्र चुरा लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत 51,675 रुपए आंकी गई। इस मामले में पुलिस ने प्रासंगिक धाराओं धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

दूसरा मामला: ताला लगाकर गए मालिक, घर से 60,000 रुपए का सामान पार
दूसरी चोरी आवासपारा, खमतराई निवासी लालाराम केंवट के घर से हुई। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर की दोपहर वह घर में ताला लगाकर ई-रिक्शा चलाने गए थे। इसी दौरान उनके कमरे में चार्जिंग पर रखा मोबाइल फोन, 5000 रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 60,000 रुपए बताई गई।

पुलिस को सुराग: काली मंदिर के पास ग्राहक ढूंढ रहा था आरोपी
दोनों मामलों की तफ्तीश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि काली मंदिर के पास एक युवक चोरी का मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और संदिग्ध युवक शिवराज यादव तथा उसके एक नाबालिग साथी को पकड़ा।
शुरुआती पूछताछ में दोनों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद कड़ी पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।

आरोपी ने कबूला अपराध, सामान किया बरामद
पूछताछ में शिवराज यादव ने स्वीकार किया कि उसने नाबालिग के साथ मिलकर प्रकाश यादव और लालाराम के घर चोरी की थी। उसने पुलिस को चोरी के मोबाइल, सोने-चांदी के गहने व नगदी रकम छिपाने की जगह बताई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 1,11,675 रुपए का चोरी का सामान बरामद कर लिया।
मुख्य आरोपी जेल भेजा गया
सामग्री बरामद होने के बाद पुलिस ने शिवराज यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं नाबालिग आरोपी को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
