
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने बुधवार को बिलासपुर स्थित मुख्यालय में अपना 42वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया। दो दिवसीय समारोह के दूसरे दिन कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों और पूर्व निदेशकों का जमावड़ा लगा। इस दौरान एसईसीएल की अब तक की विकास यात्रा, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और विभागों को सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में 13 पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य समारोह में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना कंपनी का सर्वोपरि दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ काम करना होगा। उन्होंने टीम एसईसीएल की क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए सामूहिक प्रयास से निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व सीएमडी एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी और प्रेम सागर मिश्रा सहित कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए और संस्थान से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया।

शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि, गुब्बारे छोड़कर मनाया उत्सव
समारोह की शुरुआत मुख्यालय परिसर में शहीद स्मारक, डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशक मंडल और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत और आकाश में गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया गया।

पूर्व अधिकारियों ने साझा किए अनुभव, भविष्य की चुनौतियों पर मंथन
समारोह का खास आकर्षण ज्ञान साझा सत्र रहा। इसमें पूर्व सीएमडी और पूर्व निदेशकों ने कंपनी के विकास, कार्यशैली, पुराने अनुभवों और नेतृत्व से जुड़े प्रसंग साझा किए। खुले संवाद के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला। साथ ही एसईसीएल की भावी प्रगति और संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में 13 पुरस्कार
स्थापना दिवस समारोह के तहत शाम को वसंत विहार खेल मैदान में सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट आयोजित की गई। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों और विभागों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें स्वच्छता पखवाड़ा 2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता और विशेष योगदान पुरस्कार शामिल रहे। सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) नृपेंद्र नाथ सहित कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
