
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक की निर्मम हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज़ 10 से 12 घंटे के भीतर सुलझा ली। शनिवार देर रात हुए इस सनसनीखेज़ अंधे क़त्ल से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। लेकिन पुलिस की सक्रियता और संयुक्त कार्रवाई ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया।

जांच में सामने आया कि मृतक जागेश्वर पाठक का मंदिर के सामने खेत में अधिया खेती के दौरान आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी के साथ अवैध संबंध बन गया था। इसी कारण सुरेश और उसकी पत्नी का लगभग छह महीने पहले सामाजिक तलाक हो चुका था। इस संबंध को लेकर आरोपी सुरेश के मन में पुजारी के प्रति गहरी रंजिश पनप गई थी। इसी दुश्मनी के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

घटना की रात आरोपी सुरेश अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल की पूजा करने का बहाना बनाकर पुजारी को मंदिर से बाहर बुलाया। मौका पाकर आरोपियों ने ईंट और मोटरसाइकिल के सस्पेंशन पाइप से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए। हत्या की खबर फैलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा, थाना तखतपुर और ACCU की संयुक्त टीम ने लगातार 12 घंटे तक पतासाजी कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में हेमकुमार धुरी (26) निवासी बोदरी, मुकेश धुरी (23) निवासी मुंगेली, धनराज बंदे (21) निवासी सिरगिट्टी और एक नाबालिग शामिल हैं। मुख्य आरोपी सुरेश धुरी को धमतरी पुलिस की मदद से देर रात ACCU की टीम ने पकड़ लिया।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि यह पुलिस की त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क का नतीजा है, जिसके चलते इतने कम समय में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ पाई। अधिकारियों और स्टाफ के प्रयासों की व्यापक सराहना की जा रही है। इस वारदात ने जहां गांव को हिला दिया, वहीं पुलिस की तेज़ और सटीक कार्रवाई ने आमजन में भरोसा मज़बूत किया है।
