
रायपुर। छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर के कमल विहार इलाके में बीती रात एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पढ़ाई करने रायपुर आए दो बहनों और उनके भाई को इलाके की हिस्ट्रीशीटर महिला पूजा सचदेव, उसके भाई निखिल सचदेव और गैंग के अन्य सदस्यों ने बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी देते हुए लूटपाट की। घटना के बाद पीड़ितों ने मुजगहन थाना पहुंचकर गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कराई है।
लिफ्ट के पास से शुरू हुई दहशत
पीड़िता रोशिता तिर्की ने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर रात करीब 12 बजे वह अपनी बहन रिया तिर्की के साथ बीमार भाई अटल कुमार भगत के लिए खाना लेकर कृष्णा हाइट्स, ब्लॉक-1, फ्लैट-102 पहुंची थीं। खाना देने के बाद जब दोनों बहनें वापस लौटने लगीं, तभी लिफ्ट के पास नशे की हालत में एक महिला और तीन युवक मिले।
इन आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए पूछताछ शुरू की और अचानक दोनों बहनों को धक्का देकर अटल के फ्लैट में घुसा दिया। अंदर जाते ही आरोपियों ने बेल्ट, हाथ-मुक्का से मारपीट की और चाकू गले पर रखकर धमकाया।
कमरे में घंटों तक बंधक बनाकर यातनाएँ
FIR के अनुसार, बाद में गैंग के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। सभी ने युवतियों और युवक को रस्सी से बांध दिया। इस दौरान पूजा सचदेव और उसके भाई निखिल ने रोशिता से छेड़छाड़ की और गलत तरीके से छुआ। विरोध करने पर आरोपियों ने और ज्यादा मारपीट की।
आरोपियों ने अटल के गले पर चाकू टिकाकर धमकाया कि यदि आवाज निकाली तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। तीनों भाई-बहन और उनके दोस्त पूरी रात खौफ में बंधक बने रहे।
ATM से पैसे निकलवाए, मोबाइल-लैपटॉप-बाइक तक लूट ली
पीड़ितों के अनुसार आरोपियों ने 2 लाख रुपये की मांग की। पैसे नहीं होने पर रिया तिर्की के पर्स से 7,000 रुपये, और नवनीत कुजूर से एटीएम के जरिए 9,000 रुपये निकलवाए। गैंग आईफोन मोबाइल, रितिक लकड़ा का लैपटॉप, अनुराग तिर्की की एक्टिवा स्कूटी और कमरे का गैस सिलेंडर तक उठा ले गया।
कुल मिलाकर करीब 1.50 लाख रुपये से ज्यादा का सामान और नकदी आरोपी लूटकर फरार हो गए।
सुबह थाने में दर्ज कराई FIR
आरोपियों के भागने के बाद पीड़ितों ने रात में ही अपने परिचितों अभिषेक खल्खो और अजय कुजूर को सूचना दी। सुबह सभी पीड़ित मुजगहन थाना पहुंचे और पूजा सचदेव, निखिल सचदेव सहित चार अन्य आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, छेड़छाड़, धमकी और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कराया।
पुलिस अब आरोपी पूजा सचदेव गैंग की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और छात्र सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


