
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में 7 साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया है। बच्ची की लाश उसके मामा के पड़ोसी के घर से बरामद हुई है। परिजनों ने पड़ोसी पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। बच्ची के गले पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

जानकारी के मुताबिक, छाल थाना क्षेत्र के चितापाली गांव की रहने वाली यह बच्ची लैलूंगा ब्लॉक के ग्राम कुर्रा स्थित कन्या आश्रम में रहकर दूसरी कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। 17 नवंबर को बच्ची छुट्टी में अपने मामा के घर आई थी। इसी दौरान उसकी मां भी मायके आई हुई थी, जिसके कारण बच्ची अपनी मां के साथ मामा के घर में ठहरी हुई थी।

बताया गया कि मंगलवार की शाम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि बच्ची पड़ोसी लक्ष्मी प्रसाद राठिया के घर देखी गई है। जब परिजन वहाँ पहुँचे, तो बच्ची उन्हें बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली। उसके गले पर चोट के साफ निशान थे।
घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। परिजनों ने पड़ोसी के साथ चल रहे विवाद को इस वारदात की वजह बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपी पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है।
