महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बलौदाबाजार जिले से 15 दिनों से लापता नाबालिग युवक उद्रेश वर्मा (17) का शव जंगल से बरामद हुआ है। युवक 29 जनवरी को अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने महासमुंद गया था, जिसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था।

जंगल में मिला शव, घर से डेढ़ किमी दूर
12 फरवरी को महासमुंद जिले के जमनीडीह गांव के जंगल में एक सड़ा-गला शव मिला। जांच में उसकी पहचान बलौदाबाजार के ग्राम सर्वा निवासी उद्रेश वर्मा के रूप में हुई। शव उस जगह से मिला, जो उसकी गर्लफ्रेंड के घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है।

वायरल ऑडियो ने बढ़ाया रहस्य
इस मामले में 29 जनवरी की देर रात का एक ऑडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में उद्रेश अपने दोस्तों से कहता सुनाई दे रहा है—
“मैं यहां से भाग रहा हूं… यहां छोटा सा रास्ता है… इधर मत आना, मैं लोकेशन भेजता हूं।”
इस बातचीत ने मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है।
दोस्तों के साथ मेला, फिर अकेले गर्लफ्रेंड से मिलने गया
पुलिस जांच में सामने आया है कि उद्रेश अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने जमनीडीह में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की जिद की। दोस्तों के मना करने के बावजूद वह रात करीब 11 बजे वहां पहुंचा, दोस्त के मोबाइल से कॉल कर लड़की से मिला और फिर लापता हो गया।

गुमशुदगी की रिपोर्ट, फिर मोबाइल-चप्पल मिली
30 जनवरी को दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद उद्रेश का इस्तेमाल किया गया मोबाइल गांव के पास मिला, जिससे पुलिस ने तलाश तेज की। डॉग स्क्वॉड भी लगाया गया, लेकिन ठोस सुराग नहीं मिला।

फॉरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रायपुर भेजा गया
गुरुवार को जंगल में शव मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। शव के कुछ हिस्से जानवरों द्वारा नोच लिए गए थे और हालत काफी खराब थी। इसी वजह से पोस्टमार्टम रायपुर मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा।
परिजनों का आरोप—हत्या कर फेंका गया शव
लाश मिलने के बाद गुस्साए परिजनों ने भंवरपुर चौकी का घेराव किया और हत्या की आशंका जताई।
मां लक्ष्मी वर्मा ने कहा, “लड़की ने ही मेरे बेटे को बुलाया था, मुझे इंसाफ चाहिए।” परिजनों ने गर्लफ्रेंड और उसके परिवार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस बोली—हर एंगल से जांच
एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि हत्या समेत सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जंगल में संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।

