राजधानी रायपुर में डबल मर्डर: तनाव के बीच परिजनों का प्रदर्शन/
विधानसभा रोड पर जाम, पुलिस पर बदसलूकी के आरोप/

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में सोमवार रात हुए डबल मर्डर के बाद तनाव का माहौल है। मृतक हरीश साहू के परिजनों ने मंगलवार शाम रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया, जिससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ जातिगत गाली-गलौज और बदसलूकी की। परिजनों की मांग है कि थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए और पुलिस सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।

डबल मर्डर की खौफनाक वारदात
घटना विधानसभा थाना इलाके के आमासिवनी शराब दुकान के पास हुई। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि हरीश साहू और उसके साथियों ने रोहित सागर पर चाकू और लाठियों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद रोहित सागर के साथियों ने बदले में हरीश को उसके घर से घसीटकर खालबाड़ा ले जाकर टॉर्चर किया और चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली।
पुलिस पर परिजनों का आक्रोश
मृतक हरीश साहू के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पन्ना लाल साहू ने कहा कि पुलिस ने हत्यारों पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित परिवार को रातभर थाने में प्रताड़ित किया। लक्ष्मीनाथ साहू ने पुलिस द्वारा जातिगत गाली देने की बात कही, जिसे सहन न करने की चेतावनी दी।

मुख्य मांगें: शराब भट्ठी बंद करने और थाना प्रभारी निलंबन की मांग
समाज के लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में झगड़े का मुख्य कारण शराब भट्ठी है, जिसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस ने 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है, और दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
