
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर जिले में अवैध नशे के कारोबार और गैरकानूनी हथियारों की सप्लाई के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष टीम ने मिनीबस्ती इलाके में दबिश देकर एक आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और आधुनिक हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान स्वराज कुर्रे नामक आरोपी के कब्जे से करीब 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की गईं। तलाशी के दौरान उसके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।

पूछताछ में स्वराज कुर्रे ने खुलासा किया कि उसे अवैध हथियार भोपाल निवासी धीरेंद्र सिंह तोमर द्वारा सप्लाई किए गए थे। धीरेंद्र तोमर पहले भी बिलासपुर में हथियार सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है और पुलिस से बचकर फरार चल रहा था। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम भोपाल रवाना हुई और स्थानीय इनपुट के आधार पर धीरेंद्र तोमर को भी एक पिस्टल और दो मैग्जीन के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। धीरेंद्र तोमर को पुलिस रिमांड पर लेकर उससे हथियार सप्लाई नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

एएसपी बिलासपुर पंकज पटेल ने बताया कि, अवैध नशे और हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हमारी टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आरोपियों के कब्जे से नशीली टेबलेट और ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद हुई है। पूछताछ में अंतरराज्यीय स्तर पर हथियार सप्लाई नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
