
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रिनिटी होटल के सनराइज स्पा एंड सैलून पर दबिश दी। सोमवार रात की छापेमारी में स्पा सेंटर की 7वीं मंजिल से 3 युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।

पुलिस ने स्पा संचालक विनयकांत बरगट (43) और होटल मैनेजर देवेंद्र सिंह (48) को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर के माध्यम से अवैध कमाई की जा रही है। इस पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली थाना और साइबर सेल की टीम ने छापेमारी की।
टीम ने पहले एक पॉइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा भेजा और संकेत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस ने मोबाइल, नकद 6,000 रुपए, दस्तावेज, ग्राहक रजिस्टर और 2024 का किरायानामा जब्त किया।
आरोपी संचालक दुर्ग जिले के जोन-2, लोहिया रोड, एकता चौक का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पीटा अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
