
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना पुलिस ने छह महीने पुराने एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन और मकान पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से आरोपियों ने पीड़ित के घर में जबरन घुसकर तोड़फोड़, धमकी और मारपीट की थी।

घटना 23 फरवरी 2025 की है, जब राजकिशोर नगर निवासी जी. श्रीनिवास राव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जसबीर सिंह नामक व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके घर की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली, जिसका मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।

रिपोर्ट के अनुसार, 23 फरवरी की शाम करीब 5 बजे जसबीर सिंह अपने साथियों सुदीप डे, यश तिवारी और उत्कर्ष श्रीवास्तव के साथ पीड़ित के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मकान खाली करने का दबाव बनाया। इस दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाया।

मामले में अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। इसी बीच 25 नवंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी राजकिशोर नगर इलाके में दिखाई दिए हैं।

सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेंद्र जायसवाल और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई और दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर जसबीर सिंह, सुदीप डे और यश तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
चौथे आरोपी उत्कर्ष श्रीवास्तव के खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट के ‘अर्नेस कुमार बनाम बिहार राज्य’ फैसले के तहत उसे रिहा कर दिया गया।
