Wednesday, February 11, 2026
Homeअन्य खबरेहनुमान धारा से तीन मासूम लापता! नदी किनारे मिली साइकिलें और कपड़े,...

हनुमान धारा से तीन मासूम लापता! नदी किनारे मिली साइकिलें और कपड़े, SDRF का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी…

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हनुमान धारा त्रिदेव घाट के पास से तीन स्कूली बच्चों के अचानक लापता होने की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब स्कूल की छुट्टी होने के कारण तीनों छात्र साइकिल से हनुमान धारा घूमने और नहाने पहुंचे थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे और उनकी तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान त्रिदेव घाट के पास तीनों बच्चों की साइकिल, कपड़े और चप्पलें किनारे पर पड़ी मिलीं। ये सामान देखकर परिजनों को अनहोनी का अंदेशा हुआ और तुरंत ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही चांपा पुलिस, SDRF टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। SDRF की टीम ने तुरंत हसदेव नदी में बड़े पैमाने पर खोज अभियान शुरू किया।

लापता तीनों बच्चों की पहचान रुद्र राज (11 वर्ष, कक्षा 5वीं), यश राठौर (14 वर्ष, कक्षा 8वीं) और नेल्सन लकड़ा (15 वर्ष, कक्षा 9वीं) के रूप में हुई है। तीनों मनका पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। घटनास्थल पर बच्चों के परिवार भी लगातार मौजूद हैं और हर गुजरते क्षण के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है।

खोज अभियान को प्रभावी बनाने के लिए हसदेव नदी का जल प्रवाह अस्थायी रूप से रोका गया है, ताकि SDRF गोताखोरों को तलाशी में आसानी हो सके। SDM पवन कोसमा, पुलिस विभाग और अन्य अधिकारी देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करते रहे। हालांकि अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू अभियान को रोकना पड़ा। प्रशासन ने बताया कि गुरुवार सुबह पहली रोशनी के साथ SDRF टीम फिर से तलाशी अभियान शुरू करेगी।

SDM पवन कोसमा के अनुसार, परिजनों ने दोपहर के समय बच्चों को फोन किया था, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। बाद में मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर परिवारजन हनुमान धारा पहुंचे, जहां उन्हें बच्चों का सामान मिला। प्राथमिक आशंका है कि तीनों बच्चे नदी में नहाने उतरे होंगे और तेज बहाव की वजह से किसी हादसे का शिकार हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस और SDRF किसी भी संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं कर रहे।

फिलहाल रेस्क्यू टीम, गोताखोर, पुलिस जवान और स्थानीय लोग मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है, और हर कोई बच्चों के सुरक्षित मिलने की आशा कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts