
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक युवक की हत्या की दर्दनाक वारदात सामने आई है। घटना कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा (बी) की है, जहाँ गाली-गलौज कर रहे युवकों को रोकना एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। मृतक का नाम रोहित नाग बताया जा रहा है, जो अपनी मौसी के घर निर्माण कार्य में मदद करने आया हुआ था।

सुबह से मंडी में था, रात में लौटकर खा रहा था खाना
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित नाग अपने मौसी के लड़के के साथ सुबह कुरुद मंडी धान के काम के लिए गया था। दिनभर काम करने के बाद दोनों रात में घर लौटे और खाना खाने बैठे ही थे कि बाहर से तेज आवाज में गाली-गलौज सुनाई देने लगी।

गाली-गलौज रोकने गया तो शुरू हुआ हमला
प्रत्यक्षदर्शी यादराम ढीमर ने बताया कि रोहित ने बाहर जाकर युवकों को समझाने की कोशिश की। उसी दौरान दो बाइक पर सवार करीब पांच युवक अचानक रोहित से झगड़ा करने लगे। विवाद बढ़ा तो युवकों ने उस पर धारदार हथियार से एक के बाद एक वार कर दिए। हमलावरों ने स्थिति को और भी खतरनाक बनाते हुए मौके पर मौजूद लोगों को डराने के लिए पिस्टल भी निकाल ली।

पिस्टल दिखाकर लोगों को दी धमकी
यादराम के अनुसार, हमलावरों ने घायल रोहित के पास किसी को भी आने नहीं दिया। उन्होंने पिस्टल और अन्य हथियार दिखाकर धमकी दी कि यदि किसी ने उसकी मदद करने की कोशिश की तो उसे भी जान से मार दिया जाएगा। इस डर से आसपास मौजूद लोग कुछ करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
इलाज के दौरान रोहित की मौत
गंभीर रूप से घायल रोहित को किसी तरह वहां से निकालकर धमतरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। लेकिन गहरे घाव और अत्यधिक खून बहने के कारण रोहित ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है। घटना को अंजाम देने वाले पांचों हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हो गई हैं। फिलहाल हत्या के कारणों और विवाद की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।
यह घटना क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर गई है। परिवार और ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
