
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात और सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। कोरबा और रायपुर में हुई इन घटनाओं में एक ओर युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर राजधानी में सरकारी वाहन की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र की जान चली गई।

कोरबा हादसा: रास्ता भटके, तेज रफ्तार बनी मौत की वजह
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में भारतमाला नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात बड़ा सड़क हादसा हुआ। बिलासपुर से बालको जा रही एक कार अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन लेन में जा गिरी और पलटते हुए सड़क से दूर जा समाई।

इस दर्दनाक हादसे में एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक व वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय और ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, चारों युवक बिलासपुर से शादी समारोह में शामिल होकर बालको जा रहे थे। कोरबा में एंट्री के दौरान रास्ता भटकने और तेज रफ्तार के कारण कार निर्माणाधीन हाईवे हिस्से में उतर गई। नियंत्रण बिगड़ते ही कार गड्ढे में गिरकर कई बार पलटी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों को साथ चल रहे दोस्तों ने तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने शवों को केजीएन अस्पताल की मर्चुरी में रखवाकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर हादसा: CM हाउस के पास सरकारी गाड़ी ने ली मासूम की जान
दूसरी घटना राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री आवास के पास एक तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने स्कूल जा रहे EV स्कूटर सवार भाई-बहन को पीछे से टक्कर मार दी।

हादसे में 14 वर्षीय अंश आठवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन नमिसा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7:50 बजे छत्तीसगढ़ क्लब के सामने हुआ। टक्कर के बाद सरकारी वाहन का चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
सवालों के घेरे में रफ्तार और लापरवाही
दो अलग-अलग शहरों में हुए इन हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार, अधूरे हाईवे और सरकारी वाहनों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों में जांच में जुटी है।
