धमतरी में दिनदहाड़े युवक की चाकू से हत्या, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात/ हमलावर ने 25-30 बार किए वार, इंस्टाग्राम पर खून से सना चाकू पोस्ट कर दी धमकी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के गोकुलपुर वार्ड स्थित भटगांव चौक में रविवार शाम एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी इंद्रजीत साहू (19) को टिकेश्वर साहू (22) पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला करते हुए देखा गया। हमले के बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम पर खून से सना चाकू पोस्ट कर धमकी भरा संदेश भी लिखा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी में कैद खौफनाक हमला
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें इंद्रजीत साहू टिकेश्वर साहू पर अचानक हमला कर देता है। वह करीब 25-30 बार चाकू घोंपता है। इस दौरान वहां मौजूद अन्य युवक घबराकर भाग खड़े हुए, एक युवक ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन आरोपी के आक्रोश को देखकर पीछे हट गया।

घायल को अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल टिकेश्वर को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बोला- “सबको मारूंगा”
हत्या के बाद इंद्रजीत साहू ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर खून से सना चाकू पोस्ट किया और धमकी भरे शब्द लिखे—”सबको मारूंगा, जेल में मेरा राज है।” इस पोस्ट के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

होली के दौरान हुआ था विवाद
थाना सिटी कोतवाली प्रभारी राजेश मरई के अनुसार, होली के दौरान इंद्रजीत और टिकेश्वर के बीच झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते रविवार को फिर विवाद हुआ और इंद्रजीत ने टिकेश्वर पर चाकू से हमला कर दिया।

तनाव के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव फैलने की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
