
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के पुराना सरकंडा स्थित जय जय दुर्गा उत्सव परिवार माताचौरा इस वर्ष अपने गौरवशाली 17वें वर्ष में भक्तिभाव की नई मिसाल पेश कर रहा है। यहां स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा इस बार लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, क्योंकि माता रानी की पलक झपकती हुई प्रतीत होती है, जिससे भक्तों में अलौकिक अनुभूति होती है।
इस अद्भुत प्रतिमा का निर्माण कलाकृति केंद्र के संचालक सोनू गढेवाल द्वाराशिव चौक, कतियापारा, जूना बिलासपुर में किया गया है, जिनकी कला ने श्रद्धालुओं के हृदय में विशेष स्थान बना लिया है।
मां स्कंदमाता तिथि (पंचमी) के पावन अवसर पर उत्सव समिति द्वारा भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसके दौरान वातावरण “हर हर गंगे” और “जय माता दी” के जयघोषों से गूंज उठा। कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग देने के लिए जस गायन उत्सव समिति कौड़ियां सीपत ने अपनी मधुर स्वर लहरियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अध्यक्ष अविनाश साहू (पंडा) के नेतृत्व में आयोजित यह आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक बन गया है।
