रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुई कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि नशाखोरी अपराधों की जड़ है, इसे हर हाल में रोका जाए। सीएम ने पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि नशे और मादक पदार्थों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाए और युवाओं को जागरूक करने की पहल भी हो।

धर्मांतरण पर सख्ती
बैठक में मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस पर प्राथमिकता से रोक लगाई जाए। सरगुजा जिले का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि “चंगाई सभा” धर्मांतरण की शुरुआत होती है, इसलिए इस तरह के आयोजनों पर कड़ी नजर रखी जाए।

बढ़ते अपराधों पर नाराजगी
सीएम ने खासकर राजनांदगांव, धमतरी, बलरामपुर, कोरबा और सरगुजा जिलों में अपराध बढ़ने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव कभी शांत जिला माना जाता था, लेकिन अब वहां अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। एसपी को इस पर तत्काल नियंत्रण लगाने के निर्देश दिए।

चाकूबाजी और जमीन विवाद
मुख्यमंत्री ने चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने पर भी जोर दिया। उन्होंने एसपी को निर्देश दिया कि यह पता लगाया जाए कि चाकू कहां से आ रहे हैं, जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन कंपनियों से भी समन्वय करें।
इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि अधिकांश झगड़े और हत्याएं जमीन विवाद से जुड़ी होती हैं, लेकिन पुलिस इन मामलों को गंभीरता से नहीं लेती। रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल न करें और त्वरित कार्रवाई से अपराधों पर रोक लगाई जा सकती है।

सड़क सुरक्षा
सीएम ने सड़क हादसों को रोकने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर सख्ती से अमल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही कई जिंदगियां ले लेती है।
कलेक्टर-एसपी से उम्मीदें
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सबसे पहले कलेक्टर-एसपी को याद करती है। इसलिए उनकी जिम्मेदारी है कि आम जनता की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
गृह मंत्री के निर्देश
बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी कलेक्टर-एसपी से कहा कि जिला बदर के मामलों को लंबे समय तक लंबित न रखा जाए।
मुख्यमंत्री के मुख्य निर्देश एक नजर में:
1 महिला और बालिका अपराधों पर त्वरित कार्रवाई
2 समयसीमा में चालान पेश करना अनिवार्य
3 नशे और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान
4 चाकूबाजी और जमीन विवाद पर कड़ा नियंत्रण
5 सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट-सीट बेल्ट पर सख्ती
