Saturday, March 14, 2026
Homeअपराधसूदखोर तोमर ब्रदर्स की तलाश तेज, पत्नी और महिला वकील हिरासत में,...

सूदखोर तोमर ब्रदर्स की तलाश तेज, पत्नी और महिला वकील हिरासत में, 40 करोड़ की रजिस्ट्री, करोड़ों की संपत्ति जब्त…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूदखोरी के बड़े मामले में फरार चल रहे कुख्यात तोमर ब्रदर्स की तलाश लगातार जारी है। पुलिस ने अब शिकंजा कसते हुए मुख्य आरोपी वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी शुभ्रा सिंह तोमर और उनकी कथित महिला वकील संगीता सिंह को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में की गई है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को कुछ पत्रकार जब तोमर ब्रदर्स के घर कवरेज के लिए पहुंचे तो महिला वकील संगीता सिंह ने आपा खो दिया। पत्रकारों से बदसलूकी करते हुए कैमरा तोड़ने की कोशिश की और झूमाझटकी की घटना सामने आई। इस विवाद के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

इस पूरे प्रकरण के बीच पुलिस लगातार तोमर ब्रदर्स के करीबियों के घर छापेमारी कर रही है। हाल ही में हुई कार्रवाई में करीब 40 करोड़ रुपये की रजिस्ट्री, 3.50 करोड़ का सोना, दस लाख रुपए की चांदी, बैंक पासबुक, ATM कार्ड और ब्लैंक चेक बरामद किया गया है।

वहीं, करीबी कारोबारी रविंदर सिंह और ऋषभ सिंह के घर पर छापेमारी में 150 से ज्यादा रजिस्ट्री के दस्तावेज, सोना-चांदी, और 8 लाख रुपये नकद मिले हैं, जिनकी जानकारी आयकर विभाग को भी दी गई है।

इससे पहले 3 जून को तोमर ब्रदर्स के भाठागांव स्थित घर पर छापा मारकर पुलिस ने 35.10 लाख नकद, बीएमडब्ल्यू, थार और ब्रेजा कार, 734 ग्राम सोना, 125 ग्राम चांदी, और 70 से ज्यादा ब्लैंक चेक जब्त किए थे। साथ ही 120 से अधिक इकरारनामों के दस्तावेज भी बरामद हुए थे।

पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सूदखोरी के इस काले कारोबार की जड़ें गहरी हैं और इसकी परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं। फरार तोमर ब्रदर्स की तलाश में पुलिस का शिकंजा अब और भी कसता जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts