Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधपत्नी से अवैध संबंध के शक में उपसरपंच प्रतिनिधि की हत्या, कुल्हाड़ी...

पत्नी से अवैध संबंध के शक में उपसरपंच प्रतिनिधि की हत्या, कुल्हाड़ी से गले और सिर पर किया ताबड़तोड़ हमला, आरोपी हिरासत में…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। विधानसभा थाना क्षेत्र के पचेड़ा गांव में अवैध संबंध के शक को लेकर हुई कहासुनी खूनखराबे में बदल गई। यहां पवन कुमार मराठे नामक व्यक्ति ने उपसरपंच प्रतिनिधि हेमलाल मिर्चे की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, मृतक हेमलाल मिर्चे पचेड़ा गांव में उपसरपंच प्रतिनिधि के तौर पर सक्रिय थे और गांव में उनकी पहचान एक मिलनसार व्यक्ति के रूप में थी। सोमवार की रात करीब 9 बजे जब वह घर के बाहर मौजूद थे, तभी आरोपी पवन कुमार उनसे भिड़ गया। दोनों के बीच पहले भी संबंधों को लेकर विवाद होता रहा था, लेकिन इस बार मामला इतना बढ़ गया कि पवन ने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और गले पर किए गए वार से हेमलाल मौके पर ही ढेर हो गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पवन को लंबे समय से शक था कि हेमलाल का उसकी पत्नी से अवैध संबंध है। इसी शक ने दोनों के बीच तनाव को गहरा कर दिया था। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी और मृतक के बीच पहले भी बहस और झगड़े हो चुके थे। लेकिन सोमवार रात की घटना ने सारे रिश्ते-नातों और मर्यादाओं को तोड़ते हुए हत्या का रूप ले लिया।

घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर विधानसभा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुला ली गई। घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है। हेमलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना ने न केवल गांव बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सनसनी फैला दी है। लोग अविश्वास और भय में हैं कि निजी रंजिश और शक के कारण इतनी बड़ी वारदात घट सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी या अचानक गुस्से में यह कदम उठाया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts