Homeअपराधदिनदहाड़े ठगी और चेन स्नैचिंग, कहीं पुलिस चेकिंग का झांसा तो कहीं...

दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नैचिंग, कहीं पुलिस चेकिंग का झांसा तो कहीं महिला को बनाया निशाना..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नैचिंग की दो घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दर्री थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर 65 वर्षीय बुजुर्ग से करीब 80 हजार रुपए कीमत की सोने की दो अंगूठियां उतरवा लीं। वहीं, सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार युवकों ने चेन झपटने की कोशिश की। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर उतरवाई अंगूठियां

पहली घटना दर्री थाना क्षेत्र के प्रगति नगर रोड की है। 65 वर्षीय भागीराम कर्म CISF क्वार्टर ऑफिस के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।आरोपियों ने बुजुर्ग से कहा कि आगे पुलिस की चेकिंग चल रही है और सोना-चांदी पहनकर जाने पर परेशानी हो सकती है। उनकी बातों में आकर भागीराम ने हाथ में पहनी सोने की दो अंगूठियां उतार दीं। इसके बाद दोनों आरोपी अंगूठियां लेकर बाइक से फरार हो गए। दोनों अंगूठियों की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है। शिकायत के आधार पर दर्री पुलिस ने BNS की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन झपटने की कोशिश

दूसरी घटना सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र की है। शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ सुबह मॉर्निंग वॉक पर घंटाघर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उनके गले की चेन खींचने की कोशिश की। झटके से महिला सड़क पर गिर गईं, लेकिन चेन नहीं टूटी। वारदात में नाकाम होने के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। सीएसपी प्रतिभा चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

एक महीने पहले भी सामने आया था ऐसा मामला

पुलिस के मुताबिक, कोरबा में इस तरह की यह हाल की तीसरी घटना बताई जा रही है। करीब एक महीने पहले निहारिका टॉकीज के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग को पुलिस चेकिंग का झांसा देकर उसके गले से सोने की चेन लेकर फरार होने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts