Homeअन्य खबरेनितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले सियासी बवाल! दीपक बैज बोले-...

नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले सियासी बवाल! दीपक बैज बोले- जनजातीय गौरव नहीं, विनाश दिवस मनाने आ रहे हैं!

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर आदिवासी हितों और धान खरीदी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के धरमजयगढ़ दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखा बयान देते हुए कहा कि नितिन नवीन जनजातीय गौरव दिवस मनाने नहीं, बल्कि विनाश दिवस मनाने छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। बैज ने आदिवासियों के अधिकारों, कोयला खदानों और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

कोयला खदानों को लेकर भाजपा पर निशाना

दीपक बैज ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को भाजपा का दोहरा रवैया करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार सरगुजा में कोयला खदानें बेच रही है और दूसरी तरफ आदिवासियों के हितों की बात कर रही है। बैज ने कहा कि जब स्थानीय आदिवासी इन परियोजनाओं का विरोध करते हैं तो उन्हें जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने दावा किया कि अकेले रायगढ़ जिले में 89 कोल फील्ड स्वीकृत किए गए हैं। बैज ने नितिन नवीन के धरमजयगढ़ दौरे पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आंदोलन कर रहे आदिवासियों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे?

धान खरीदी पर सरकार को घेरा, बारदाने की कमी का आरोप

धान खरीदी को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का दावा कर रही है, लेकिन खरीदी केंद्रों तक पर्याप्त बारदाने नहीं पहुंच पाए हैं। किसानों को एकमुश्त भुगतान का वादा भी पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। टोकन व्यवस्था पर निशाना साधते हुए बैज ने दावा किया कि टोकन एप खुलते ही 15 जनवरी तक की तारीखें फुल हो चुकी हैं। ऐसे में किसानों को धान बेचने के लिए टोकन हासिल करने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने धान के उठाव में देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे संग्रहण केंद्रों में भी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

किसानों की अंतर राशि में कटौती का आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों को मिलने वाली अतिरिक्त राशि को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार 13,839 रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त राशि देने की बात कह रही है, जबकि किसानों का हक 19,297 रुपये बनता है। उन्होंने सवाल किया कि किसानों को मिलने वाली राशि में कटौती क्यों की जा रही है? इसके साथ ही छोटी सहकारी समितियों में 500 क्विंटल की लिमिट तय किए जाने पर भी आपत्ति जताई।

वोट चोरी के मुद्दे पर 25 नवंबर तक कांग्रेस का अभियान

दीपक बैज ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 16 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचेंगे। उनके दौरे के साथ ही 16 से 25 नवंबर तक प्रदेश के सभी बूथों पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एआईसीसी के निर्देश पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जन चौपाल आयोजित की जा रही हैं। बैज के मुताबिक, प्रदेश में कुल 1500 मंडलों में से 1124 मंडलों में अब तक जन चौपाल पूरी हो चुकी हैं। कांग्रेस इस अभियान के जरिए भाजपा और चुनाव आयोग को घेरने की तैयारी में है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts