
रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में तत्काल टिकट को लेकर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी टिकट नहीं मिलने से नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए टिकट दलालों से मिलीभगत तक के गंभीर आरोप लगाए हैं।
दरअसल, यात्री तत्काल टिकट बुक कराने के लिए सुबह से ही आरक्षण केंद्र पहुंच गए थे। उनका आरोप है कि सुबह 9:55 बजे तक काउंटर पर कर्मचारी नहीं पहुंचे थे। काफी देर इंतजार के बाद जब कर्मचारी आए तो कंप्यूटर हैंग होने का हवाला देकर टिकट बुकिंग में देरी की जाने लगी। इससे पहले से परेशान यात्रियों का गुस्सा और बढ़ गया।
महिला यात्री ने बनाया वीडियो
आरक्षण केंद्र में हंगामे के दौरान महिला यात्री गरिमा ध्रुव ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। यात्रियों का कहना है कि आम लोगों को तत्काल टिकट के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ती है, वहीं टिकट दलालों की भूमिका को लेकर भी संदेह बना हुआ है। उन्होंने रेलवे की तत्काल टिकट व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, कर्मचारियों और टिकट दलालों के बीच कथित मिलीभगत के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
