
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का पल सामने आया है। बिलासपुर की बेटी प्रशंसा पांडे 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। दिल्ली रवाना होने से पहले शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उनका सम्मान कर शुभकामनाएं दी गईं।

महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा समेत अन्य प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन किया।

नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता रह चुकीं प्रशंसा पांडे ने युवा नेतृत्व के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे पिछले दो वर्षों से नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इसके अलावा विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी उन्होंने राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल की है।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से उन्हें Youth Icon की उपाधि भी मिल चुकी है। इस भूमिका में वे नशामुक्त भारत अभियान समेत युवाओं से जुड़े कई राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शामिल हुई हैं। प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी वे सहभागिता कर चुकी हैं।

प्रशंसा पांडे का संसद भवन तक पहुंचना उनके निरंतर प्रयास और युवा नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रियता का परिणाम है। बिलासपुर की बेटी का राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के युवाओं के लिए भी खास उपलब्धि है। बिलासपुर की बेटी… अब दिल्ली के संसद भवन में छत्तीसगढ़ की आवाज!
