Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधगर्लफ्रेंड को मारकर लिखा - आज मेरी मौत होगी: युवक ने सोशल...

गर्लफ्रेंड को मारकर लिखा – आज मेरी मौत होगी: युवक ने सोशल मीडिया कई पोस्ट कर किया सुसाइड, सब मेरी प्रेमिका को छीनना चाहते थे, आज मैंने सब से छीन लिया…

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां प्रेमी युगल की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव पेड़ से लटकता मिला, जबकि युवती मृत अवस्था में पेड़ के नीचे पड़ी हुई थी। घटना को लेकर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले गर्लफ्रेंड की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली।

यह दर्दनाक मामला कोल्हेनझरिया चौकी क्षेत्र का है। मृतक युवक की पहचान टांगर गांव निवासी चूड़ा मणि पैंकरा (24) और युवती की पहचान माटीपहाड़छर्रा निवासी संदीला पैंकरा (24) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों 16 सितंबर की रात से ही लापता थे।

युवक के सोशल मीडिया पोस्ट बने सुराग

घटना से पहले चूड़ा मणि ने सोशल मीडिया पर कई भावनात्मक पोस्ट डाले थे। एक पोस्ट में उसने लिखा – “संदीला मुझसे धोखा कर रही थी, इसलिए मुझे ये कदम उठाना पड़ा। अगर दूसरा जन्म होता है तो मैं वैसा जीवन नहीं जीना चाहूंगा। ये दुनिया धोखेबाज है।”

एक अन्य पोस्ट में उसने लिखा – “सब मेरी प्रेमिका को छीनना चाहते थे, लेकिन आज मैंने सब से छीन लिया, हम दोनों को।”

आखिरी पोस्ट में युवक ने लिखा – “आज मेरी मौत होगी।” इन पोस्टों से साफ है कि युवक मानसिक रूप से बेहद आहत था और इस कदम को पहले से सोच चुका था।

कैसे हुई पूरी वारदात

16 सितंबर की रात खाना खाने के बाद संदीला घर से बाहर निकली और फिर लौटकर नहीं आई। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की और अगले दिन यानी 17 सितंबर की सुबह पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

गांव के गोठान के पास एक पेड़ के नीचे युवती का शव बरामद हुआ, जबकि पास ही उसी पेड़ पर युवक का शव फंदे से झूलता मिला। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोल्हेनझरिया चौकी और तुमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्रेम संबंध और विवाद की पृष्ठभूमि

जांच में पता चला है कि चूड़ा मणि अक्सर माटीपहाड़छर्रा गांव में अपने रिश्तेदारों के घर आता-जाता था। इसी दौरान उसका संपर्क संदीला से हुआ और दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच विवाद और मनमुटाव की स्थिति बनी हुई थी। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि संदीला किसी और से संपर्क में थी, जिसे लेकर चूड़ा मणि को शक था। इसी शक ने धीरे-धीरे यह रूप ले लिया।

पुलिस की जांच

पुलिस का मानना है कि युवक ने मिलने के बहाने युवती को बुलाया और दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान उसने गुस्से में गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी और फिर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असल वजह की पुष्टि हो पाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह  ने बताया – “प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। प्रथम दृष्टया यह हत्या और आत्महत्या प्रतीत होती है। लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।”

घटना से गांव में सदमा

इस दर्दनाक घटना से दोनों गांवों में मातम छा गया है। जहां एक ओर मृतक युवक का परिवार सदमे में है, वहीं युवती के परिजन इस बात को स्वीकार ही नहीं कर पा रहे कि उनकी बेटी की मौत इस तरह हुई है। ग्रामीणों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर प्रेम कहानी इतनी भयावह कैसे हो गई।

यह घटना न सिर्फ प्रेम संबंधों की जटिलता और अविश्वास के परिणाम को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि भावनात्मक तनाव और मानसिक असंतुलन किस हद तक इंसान को खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर कर सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts